Deoli News 20 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी सूचना के मुताबिक शुक्रवार को टोंक समेत 9 जिलों में आगामी कुछ घंटों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
इन जिलों में टोंक, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, जयपुर, दौसा, सवाईमाधोपुर, बारां और झालावाड़ शामिल हैं। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा होने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने मेघ गर्जन के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग हटाने की सलाह दी है। देवली में शुक्रवार सुबह से बारिश का दौर जारी है, जिससे कई जगहों पर पानी भर गया है और लोगों को उमस से राहत मिली है। देवली में शुक्रवार सुबह 9 बजे के करीब मध्यम दर्जे की बारिश हुई।
जिसके बाद लगातार हल्की बारिश जारी है। इससे शहर की सड़कें भीग गई हैं और मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना है, इसलिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। इसी तरह क्षेत्र के बीसलपुर बांध का जलस्तर शुक्रवार सुबह 6 बजे तक आरएल 312.45 मीटर दर्ज किया गया। बांध का पूर्ण जलभराव 315.50 मीटर है।



