Deoli News 20 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर में रविवार रात स्पार्किंग के चलते आग लग गई। वही यह आग समीप की टीवी रिपेयर की दुकान में भी लग गई।
जिससे केबिन में रखें टीवी के पुराने सामान जल गए। नगर पालिका के पार्षद विनोद पुजारी ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे बावड़ी की बालाजी की बाउंड्री पर स्थित गुरुद्वारा रोड के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग लगने से ट्रांसफार्मर की सुरक्षा जाली में नीचे की ओर पड़े कचरे में आग की लपटे उठने लगी। वही यह आग समीप में ऊंचा निवासी सुरेश रेगर के टीवी रिपेयरिंग की दुकान में लग गई। इसे देखकर पार्षद ने विद्युत निगम को सूचना दी तथा बिजली आपूर्ति बंद कराई। वही देवली नगर पालिका दमकल केंद्र को सूचना दी गई। इधर, लोगों ने अपने स्तर पर पानी से ट्रांसफार्मर की आग बुझा दी। लेकिन यहां आग समीप की टीवी रिपेयरिंग की केबिन में ज्यादा फैल गई। लोगों की सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची तथा करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उक्त घटनाक्रम में टीवी रिपेयरिंग की केबिन में रखे पुराने टीवी, समान आदि जल गए। इस दरम्यान आसपास की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। जिसे विद्युतकर्मियों ने मेहनत कर दुरस्त किया।



