गत मार्च माह की है दुर्घटना
Deoli News 24 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बारां जिले के छीपाबड़ौद निवासी एक व्यक्ति ने निजी बस ट्रेवल्स कंपनी के चालक व परिचालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को देवली थाने में मामला दर्ज कराया है।
प्रकरण के अनुसार यह मामला गुरुवार को पाटड़ी थाना हरनाबदशाहजी तहसील छीपाबड़ोद जिला बारां ने दर्ज कराया है। इसमें बताया कि प्रार्थी के पिता शंकर लाल पुत्र दल्ला बंजारा गत 14 मार्च की रात 9 से 9:30 बजे करीब गणेश ट्रेवल्स की बस जयपुर से अपने गांव के लिए टिकट प्राप्त कर रवाना हुए। इस दौरान परिचालक ने उन्हें बस की छत पर बिठा दिया तथा आश्वस्त किया कि कुछ दूरी के बाद वह बस में बिठा देगा। लेकिन बाद में परिचालक ने ऐसा नहीं किया। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि रात करीब 11 से 12 बजे करीब यह बस देवली के करीब पहुंची तो बस चालक ने लापरवाहीपूर्वक बस चलाई।
जिससे शंकर लाल बस से गिर गए। जिससे वह गंभीर घायल हो गए। जिन्हें बाद में देवली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां से उन्हें कोटा ले जाया जाकर राजकीय चिकित्सालय में उपचार कराया गया। प्रार्थी ने बताया कि उक्त घटना से उसके पिता शंकरलाल का मानसिक संतुलन खो गया है। वही उन्हें काफी गंभीर चोटें आई है। उपचार में व्यस्त रहने की वजह से प्रार्थी पूर्व में रिपोर्ट दर्ज नहीं कर सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।



