चार अन्य घायल, हनुमान नगर थाना क्षेत्र के बाहरला पोल्या मोड़ के पास की घटना
Deoli News 17 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सावर-अजमेर मार्ग पर रविवार रात काल बनकर आए एक ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक जने की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार चार अन्य घायल हो गए। सूचना पर हनुमान नगर पुलिस तथा एंबुलेंस मौके पर पहुंची। वही घायलों को देवली चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सावर रोड स्थित बाहल्या पोल्या चौराहे के पास रात 7:30 बजे करीब हुआ। दरअसल पारोली थाना क्षेत्र निवासी कालबेलिया परिवार के लोग बाइक पर सवार होकर हिंडोली से शाहपुरा जिले के आमली बंगला की ओर काम के लिए जा रहे थे। यह सभी लोग कालबेलिया जाति के हैं, जो कोयला बनाने का काम करते हैं। इस दौरान सामने से आए एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार लोगों को टक्कर मार दी। उक्त हादसे में सूरज पुत्र गोपाल कालबेलिया निवासी पारोली की मौके पर मौत हो गई। जबकि सीमा पत्नी शम्भू कालबेलिया, 6 माह की कविता पुत्री शंभू, शंभू पुत्र बालूनाथ निवासी पारोली तथा भारत पुत्र कालू कालबेलिया निवासी नंदवाना घायल हो गए।
सूचना पर एंबुलेंस 108 के कर्मचारी ऋतुराज सिंह समेत मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल देवली चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं सूचना पर हनुमान नगर थाना प्रभारी अयूब खा, सहायक उपनिरीक्षक कैलाशनाथ भी मौके पर पहुंचे तथा जानकारी लेकर चिकित्सालय आए। जहां हादसे की जानकारी लेकर उनके परिजनों को सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि शव मोर्चरी में रख दिया गया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। इधर, घायलों को डॉ. नंदकिशोर मीणा समेत चिकित्साकर्मियों ने प्राथमिक उपचार दिया।
एक साथ आए दो, तीन ट्रैक्टर
घायल कविता कालबेलिया ने बताया कि 2 से 3 ट्रैक्टर तेज रफ्तार में सामने की ओर से आए तथा उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वही पहले ट्रैक्टर की टक्कर मारने के बाद दूसरा ट्रैक्टर भी उन्हें कुचलता हुआ चला गया।
घायल सीमा व अन्य लोगों का कहना है कि यह ट्रैक्टर बजरी से भरे हुए थे। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी दैनिक ब्यूरो ने बजरी के ट्रैक्टर की जानलेवा रफ्तार का मामला उजागर किया था।


