Deoli News 10 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की आगामी 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में देवली शहर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अम्बेडकर विचार मंच विकास समिति के अध्यक्ष पांचूलाल मीणा ने बताया कि इस वर्ष जयंती समारोह के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जयंती पर 14 अप्रैल को सुबह 9 बजे डाक बंगला देवली से एक विशाल जुलूस व रैली शुरू होगी। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुरानी धान मण्डी चौराहा स्थित अम्बेडकर सर्किल पहुंचेगी, जहाँ एक आम सभा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा इस आयोजन को लेकर जनसंपर्क किया जा रहा है, ताकि बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया जा सके। इससे पहले अम्बेडकर विचार मंच देवली के अध्यक्ष पांचूराम मीणा के नेतृत्व में 11 अप्रैल को सुबह 10 बजे डाक बंगला (कोटा रोड) पर महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाई जाएगी।
इस अवसर पर कार्यकारिणी ने प्रबुद्ध जनों और युवाओं को समाज सुधारक फुले के क्रांतिकारी विचारों को याद करने के लिए आमंत्रित किया है।


