Deoli News 28 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार पड़ रही तेज गर्मी और उमस के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर उमस से लोग बेहाल हैं।
भीषण गर्मी और उमस के चलते लोग चिपचिपाहट और परेशानी महसूस कर रहे हैं, जिससे राहत पाने के लिए पंखे, कूलर और एसी का सहारा लेना अनिवार्य हो गया है। इन उपकरणों के कुछ देर बंद होते ही बदन पर पसीने की बूंदें झलकने व खेलने लगती हैं, और स्थिति और भी कष्टदायक हो जाती है। वहीं बीच-बीच में कभी कभार होने वाली हल्की बूंदाबांदी राहत देने के बजाय उमस को और अधिक बढ़ा रही है। गर्मी और उमस का यह असर विशेष रूप से रात के समय अधिक महसूस किया जा रहा है। शनिवार दोपहर 12:30 बजे शहर का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा।
हालांकि तापमान के आंकड़ों की तुलना में बढ़ती उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जल्द ही स्कूल खुलने को है, ऐसे में स्कूली बच्चों को इस उमस गर्मी में परेशानी होगी। मौसम विभाग की पूर्व सूचना के अनुसार आगामी 2 जुलाई को बारिश होने का अनुमान है।


