Jahazpur News 21 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नागदी नदी स्थित श्मशान घाट पर शुक्रवार को दाह संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। जिसमें करीब 40 से 50 लोग घायल हो गए। इनमें एक जने को भीलवाड़ा रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार नगर निवासी रामेश्वर लाल वैष्णव के अंतिम संस्कार के लिए परिजन और अन्य लोग श्मशान घाट पहुंचे थे। दाह संस्कार के दौरान उठे धुएं के कारण पास के पेड़ पर लगी मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, श्मशान घाट के आसपास लगे पेड़ों पर मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं, जिससे पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि इन छत्तों को हटाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


