40 फीट रोड भी बन गए गलियारे
Deoli News 16 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली के नजदीक आने के साथ ही देवली शहर में यातायात जाम की स्थिति आम होने लगी है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालात यह हैं कि 40 फीट चौड़े रोड भी संकरे गलियारों में तब्दील हो गए हैं। इस समस्या को देखते हुए नगर पालिका मंडल और यातायात पुलिस को ध्यान देने की आवश्यकता है। समस्या मुख्य रूप से शहर के गुरुद्वारा रोड पर है, जहाँ से अजमेर और भीलवाड़ा की ओर जाने वाली बसें गुजरती हैं। पुलिस थाने के पास मोड़ पर, गुरुद्वारा रोड पर वाहनों की अधिकता और त्यौहार के कारण बढ़ती भीड़ के चलते जाम लग रहा है। यहां हर समय फल सब्जी के ठेले जमे रहते हैं।
यही हाल चर्च रोड का भी है, जहाँ वाहनों की बेतरतीब पार्किंग (टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर) जाम का कारण बन रही है। इससे भी बदतर स्थिति शहर के छाया मार्केट में है, जहाँ 60 फीट से अधिक चौड़ा रोड भी मात्र गलियारा बनकर रह गया है। इस समस्या की वजह अधिकांश दुकानों के बाहर सामान रखना है, जिससे सड़क की चौड़ाई बहुत कम हो गई है और निकलना मुश्किल हो रहा है।
प्रशासन को चाहिए कि इन दुकानदारों को एक निश्चित सीमा तक पाबंद रखे, ताकि आगामी त्योहारों में लोगों को परेशानी न हो और उनका धंधा भी प्रभावित नहीं हो। वहीं त्यौहार को देखते हुए गुरुद्वारा रोड से गुजरने वाली बसों को दूसरे वैकल्पिक रूटों से डायवर्ट किया जाए तो जाम की स्थिति से अस्थाई तौर पर लाभ मिल सकेगा।



