Deoli News 8 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के राजकीय चिकित्सालय के सामने स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर में शुक्रवार अल सवेरे 3 बजे अचानक आग लग गई। पंचायत समिति देवली की दुकानों में संचालित इस मेडिकल स्टोर में आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। मेडिकल स्टोर पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना पर देवली थाना पुलिस और नगर पालिका की दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक स्टोर में रखी दवाइयां, उपकरण और फर्नीचर पूरी तरह जल चुके थे। देवली थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। लेकिन लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। घटना के दौरान लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगो की सूचना पर मेडिकल स्टोर के मालिक देवकीनन्दन मंगल भी मौके पर पहुंचे।
लोगों ने दुकान से तेज धुंआ निकलता देख कर दुकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और जैसे ही शटर खोला तो आग की लपटे भीषण हो गई। जिसके चलते सभी लोग दूर चले गए। बाद में दमकल के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। उक्त हादसे से आसपास की दुकाने भी तप गई।


