“कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन”
Deoli News 23 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं स्थानीय सांसद के निर्देशानुसार गुरुवार को देवली में नीट छात्रों के समर्थन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बदसलूकी के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष महादेव मीणा और शहर अध्यक्ष सौरभ जिंदल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से पेट्रोल पंप चौराहे तक आक्रोश मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकते हुए धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज के दौरान जान गंवाने वालों तथा नीट परीक्षा में अपनी जान खोने वाले विद्यार्थियों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद को याद करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया गया। बैठक में आगामी नगर पालिका और पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ तैयार रहने पर भी बल दिया गया।
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता भीमराज जैन, मोतीलाल ठागरिया, सत्यनारायण सरसडी, इरफान आजमी, रामसिंह मीणा, मुकेश गर्ग, टीकम चंद सेन, सत्यनारायण बूलिया, रमेश गोयल, नीरज शर्मा, पंकज जैन, मनजीत सिंह काका, अब्दुल हमीद, तेजाराम धवलपुरिया, सजग खंडेलवाल, राजीव जैन, रामनिवास मीणा, राजू ग्वाला, राजू पाठक सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।



