चार मीणा उम्मीदवार व दो गुर्जर उम्मीदवार
Deoli News 10 नवम्बर ( दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विधानसभा क्षेत्र में नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया समाप्त होने के साथ अब ये निश्चित हो गया है कि देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवारों की भरमार हो गई है। अब बीजेपी, कांग्रेस समेत 14 उम्मीदवार मैदान में डट गए है।
कांग्रेस के सामने अपनी सीट बरकरार रखने की कड़ी चुनौती है। जबकि बीजेपी इस सीट पर पुनः कब्जा करने के लिए जुट गई है। उल्लेखनीय है वर्ष 2008 के बाद कोई पार्टी का उम्मीदवार दुबारा चुनाव नही जीता। देवली- उनियारा में पहली बार मीणा जाति बहुल सीट पर 4 उम्मीदवार दम ठोक रहे है। लिहाजा कांग्रेस के निवर्तमान विधायक हरीशचंद्र मीना के सामने कड़ी चुनौती है। हरीश मीना के सामने पूर्व जिला प्रमुख के पति रामसिंह मीना चुनौती बनकर उभरे है।

उनका डूब क्षेत्र की पंचायतो में वर्चस्व है। वहीं देवली के निजी चिकित्सक डॉ. राजेन्द्र मीणा आप पार्टी से है। उनियारा क्षेत्र में जसराज मीणा भी है। इस तरह निवर्तमान विधायक को अपने जातिगत वोटो को एकजुट रखने की कवायद करनी पड़ेगी। यहीं कमोवेश हालत बीजेपी के उम्मीदवार की भी है। गुर्जर बहुल सीट पर बैंसला को आरएलपी के उम्मीदवार विक्रम सिंह गुर्जर भी चुनौती दे रहे है। बैंसला के लिए ये संतोष की बात है कि उनके सामने एक ही गुर्जर उम्मीदवार सामने है। हालांकि विक्रम सिंह कांग्रेस व बीजेपी समेत दोनो ही उम्मीदवारों के लिए मुसीबत बने हुए है। लिहाजा विधानसभा क्षेत्र में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय या चतुष्कोण बनता जा रहा है।
कुल 14 उम्मीदवारों में 4 मीणा, 2 गुर्जर के अतिरिक्त 8 अन्य निर्दलीय उम्मीदवार सभी के समीकरण को प्रभावित कर रहे है। आने वाले कुछ दिनों में जैसे जैसे चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा, वैसे वैसे नए समीकरण बनने की भी सम्भावना है।


