Deoli News 8 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) तहसील कार्यालय देवली के तहसीलदार कक्ष में शुद्धि पत्र की एक एप्लीकेशन को लेकर मंगलवार शाम दो पटवारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक ने, दूसरे को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया और रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह घटना मंगलवार शाम करीब 5:15 बजे देवली तहसीलदार के कक्ष में हुई, जिसने कार्यालय परिसर की मर्यादा को तार-तार कर दिया। घटना के संबंध में, चांदली पटवारी व प्रार्थी धर्मपाल खोरवाल ने देवली थाने में पटवारी देवली गांव किशन गर्ग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह है पूरा मामला
रिपोर्ट के अनुसार पटवारी धर्मपाल खोरवाल शुद्धि पत्र की एप्लीकेशन लेकर तहसीलदार के कक्ष में पहुंचे थे, जहां अतिरिक्त ऑफिस कानूनगो और पटवारी किशन गर्ग पहले से मौजूद थे। बताया गया है कि तहसीलदार द्वारा शुद्धि पत्र के लिए मना किए जाने के बाद, प्रार्थी (धर्मपाल खोरवाल) ने सभी के लिए किए जाने के आधार पर स्वयं का भी शुद्धि पत्र किए जाने का आग्रह किया।
आरोप है कि इसी दौरान पटवारी किशन गर्ग ने शुद्धि पत्र के लिए राशि जमा करने को कहा और आक्रोशित होकर धर्मपाल खोरवाल के चांटा जड़ दिया। धर्मपाल खोरवाल ने पटवारी गर्ग पर मारपीट और गाली गलौज का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद, करीब आधा दर्जन से अधिक पटवारी तहसील परिसर में एकत्रित हो गए और उन्होंने इस घटना का विरोध किया। पीड़ित पटवारी धर्मपाल खोरवाल ने मंगलवार शाम को ही देवली थाने में लिखित रिपोर्ट दी, जिसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल कराया और मंगलवार रात को मामला दर्ज कर लिया गया है। दरअसल यह प्रकरण एससी, एसटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है, लिहाजा इसकी जांच देवली पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह करेंगे।

गलत प्रचारित कर रहे हैं मामला
इस संबंध में पटवारी किशन गर्ग का कहना है कि दूसरा पक्ष उनके विरुद्ध गलत जानकारी प्रचारित कर रहा है और मारपीट नहीं हुई है। उन्होंने इसे आपस के स्टाफ का मामला बताया और दावा किया कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। जानकारी के अनुसार, शुद्धि पत्र को लेकर तहसीलदार के सामने ही दोनों पटवारी आपस में भिड़ गए और अन्य कर्मचारियों के बीच-बचाव करने व कुछ समझते इससे पहले ही उनमें विवाद हो गया।
भीषण हादसा! फिर दहल गया राजस्थान, 200 LPG गैस सिंलेडरों में भयंकर विस्फोट, सुनकर कांप जाओेगे


