अधिसूचना जारी
Deoli News 24 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 के तहत देवली नगर पालिका की सीमाओं में विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। इसे लेकर निदेशक एवं विशिष्ट शासन सचिव इंद्रजीत सिंह ने अधिसूचना जारी की है।
इस निर्णय के अनुसार टोंक जिले की ग्राम पंचायत देवली, पनवाड़, गावंडी और कासीर के हिस्सों को देवली नगर पालिका में शामिल किया जाएगा। इन ग्राम पंचायतों में देवली गांव का सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र शामिल किया गया है। जबकि माधोसिंहपुरा उर्फ दौलता का सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र, अम्बापुरा का सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र और बोयड़ा का सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र शामिल हैं। इन ग्राम पंचायतों की कुल जनसंख्या 10 हजार 435 है, जो जनगणना 2011 के अनुसार है। यह निर्णय सक्षम स्तर से अनुमोदित है और राज्यपाल की आज्ञा से लागू किया गया है। उधर, नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने पर जयपुर रोड स्थित प्रताप नारायणी कॉलोनी के लोगों ने सोमवार रात आतिशबाजी कर एवं मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
दरअसल इस कॉलोनी के लोग मूलभूत सुविधा समेत मतदान से वंचित थे। कॉलोनी के लोग नगर पालिका में शामिल होने के लिए काफी वर्षों से इंतजार कर रहे थे और मांग उठा रहे थे। बताया गया कि अब देवली नगर पालिका में 35 वार्ड होंगे। जबकि वर्तमान में 25 वार्ड है।


