“वोटों की बारात निर्दलीयों के साथ”
Deoli News 15 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव के 35 वार्डों में प्रत्याशियों को मिले मतों के पार्टीवार आंकड़ों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने सामूहिक रूप से सबसे अधिक वोट हासिल किए हैं। सभी वार्डों के प्रत्याशियों को मिले मतों को जोड़ने पर निर्दलीयों के खाते में कुल 7 हजार 540 वोट आए।

वहीं भाजपा प्रत्याशियों को 6 हजार 934 वोट और कांग्रेस प्रत्याशियों को 5 हजार 632 वोट मिले। इस तरह निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा के मुकाबले 606 वोट अधिक हासिल किए, जबकि कांग्रेस की तुलना में निर्दलीयों को 1,908 वोट ज्यादा मिले। वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशियों को महज 67 वोट मिले और 142 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। हालांकि सामूहिक रूप से सबसे ज्यादा वोट निर्दलीयों के खाते में गए, लेकिन वार्डों में जीत के लिहाज से भाजपा सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी और नगर पालिका में स्थानीय सरकार बनाने की स्थिति में पहुंची।
चुनाव परिणाम ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टीवार कुल वोट और सीटों की संख्या में काफी अंतर रहा। जबकि देवली नगर पालिका में 23 हजार 811 कुल मतदाता थे।


