Deoli News 8 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने सोमवार देर रात प्रताप कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान से 1750 किलो अवैध मछली जब्त की है।
दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से मछली प्रजनन निषेध अवधि में मछली पकड़कर बेचने के लिए लाया है। सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, लेकिन इस दौरान आरोपी दीपांकर पुत्र दिलीप विश्वास बंगाली अपने दो साथियों के साथ भागने में सफल हो गया। पुलिस ने मौके से थर्माकोल के बने कार्टनों में मछली भरी हुई पाई, जिनका वजन 1750 किलो था। मत्स्य विभाग के वरिष्ठ सहायक मत्स्य अधिकारी देवकीनंदन कासोटिया ने मौके पर पहुंचकर मछली की जांच की और पाया कि यह ताजा मछली है।
जिसे मारकर पैक किया गया था। पुलिस ने मछली और कार्टनों को जब्त कर लिया और मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने धारा 6/8 मत्स्य अधिनियम और धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। जब्त माल मत्स्य अधिकारी को सुपुर्द किया गया।



