Deoli News 2 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के घोषी मोहल्ले में शनिवार रात किराए के मकान में रह रही एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में बात आग की तरह फैल गई। सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मोबाइल इनवेस्टिगेशन यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एवं नमूने एकत्रित किए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार महिला मूल रूप से राजमहल क्षेत्र की निवासी थी और पिछले करीब एक वर्ष से घोषी मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थी। शनिवार शाम तक घर से कोई गतिविधि दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक को दी। इसके बाद मकान मालिक ने महिला के भाई को जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया गया।सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए मोबाइल इनवेस्टिगेशन यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटना की सूचना पर मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए एहतियातन दूनी थाना पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता भी मौके पर लगाया गया। जानकारी के अनुसार महिला अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ अकेली रहती थी। उसके पति का पूर्व में निधन हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। उप निरीक्षक महावीर प्रसाद के अनुसार उक्त 35 वर्षीय महिला मोहसिना पत्नी सलीम मुसलमान 35 साल निवासी राजमहल, हाल निवासी घोसी मोहल्ला देवली हैं, जो मकान में ऊपर के कमरे में किराए से रहती थी। यह मकान कूपर चंद ग्वाला का बताया गया है। मृतका के 2 पुत्री व एक पुत्र है।
पति सलीम की मौत 5 साल पहले ही हो चुकी है। महिला मजदूरी करती थी। महिला की दोनों पुत्रियां सरवाड़ में पढ़ती है। महिला की मौत संदिग्ध अवस्था में हुई है। देर रात एफएसएल और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट, दूनी थाना प्रभारी बाबूलाल, टोडारायसिंह थाना प्रभारी मुकेश वर्मा मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से होगा।


