Deoli News 13 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आजादी का अमृत महोत्सव के तहत भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा अभियान“ को लेकर बुधवार को शहर में स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा रैली पेट्रोल पंप चौराहा से रवाना हुई और जगह-जगह फूल बरसा कर स्वागत किया गया। नगर पालिका गेट पर पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन ने विधायक राजेंद्र गुर्जर और पंचायत समिति प्रधान बनवारी लाल जाट का माला और साफा पहनकर स्वागत किया। हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ताओं ने “हर घर तिरंगा, भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय जवान जय किसान“ सहित नारों से पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगा रैली पेट्रोल पंप चौराहे से रवाना होकर नगर पालिका, अग्रसेन बाजार, छतरी चौराहा होते हुए ममता सर्कल पर समाप्त हुई, जहां विधायक राजेंद्र गुर्जर और पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन ने सभी का आभार प्रकट किया। इस दौरान देहात मंडल अध्यक्ष विनोद माहुर समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
व्यापार महासंघ ने स्वागत किया
स्वाधीनता दिवस को लेकर बुधवार को आयोजित तिरंगा यात्रा का व्यापार महासंघ की ओर से स्वागत किया गया। व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पंकज जैन एवं महासंघ के संयोजक सुनील सिंहल, राजीव भारद्वाज, विनोद साहू, प्रशांत, मुकेश गोयल, सोनू जैन, महेंद्र गोयल, महेंद्र जैन, हंसराज, लवेश बिलोची, मनोज गोयल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

तिरंगा यात्रा आयोजित हुई
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवडावास में भी तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के तहत बाइक रैली निकाली गई। प्राचार्य जय कुमार जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में बाइकों पर छात्र और अध्यापक सवार होकर तिरंगा रैली में शामिल हुए। यहां उप प्राचार्य नरेश वर्मा, रघुनंदन पंचोली, व्याख्याता सुवालाल रेगर, व्याख्याता डॉ. ज्योति वर्मा, अन्नू नागरवाल, दौलत सिंह चौहान, कमलेश कुमार, देवनारायण, प्रभात चौधरी, झीलमवती, नीलम शर्मा, ममता और ममता शर्मा उपस्थित थे। यह जानकारी शाला मीडिया प्रभारी शिक्षक तुलसीराम गौतम ने दी। राजकीय महाविद्यालय देवली में भी एनएसएस की दोनों इकाई के संयुक्त तत्वाधान में तिरंगा यात्रा हुई।



