शुभ मुहूर्त में जमकर हुई खरीदारी : मार्केट में छोटी दीपावली की भी रौनक
Deoli News 19 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) इस वर्ष धनतेरस की दो तिथियां होने के चलते देवली में दूसरे दिन भी, यानी रविवार को धनतेरस का पर्व मनाया गया। यहां तक की आयुर्वेद चिकित्सालय में धन्वंतरी भगवान की पूजा भी रविवार को हुई।
इस दौरान लोगों ने शुभ मुहूर्त में खरीदारी कर पर्व की परंपरा निभाई। हालांकि, धनतेरस को लेकर मुख्य खरीदारी शनिवार को ही बाजार में हो चुकी थी, जब लोगों ने बर्तन, स्वर्ण आभूषण, कपड़े समेत अन्य जरूरी सामान खरीदे। लेकिन रविवार को भी दोपहर पौने 2 बजे तक धनतेरस का मुहूर्त होने के चलते लोगों ने अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार खरीदारी जारी रखी।
दोपहर के बाद चतुर्दशी तिथि लगने से मार्केट में छोटी दीपावली की रौनक दिखाई दी। बाजारों में काफी भीड़भाड़ रही। पटाखे, कपड़े, फुटवियर, दीपक, सजावटी सामान और लाइटिंग की दुकानों पर ग्राहकों की खासी भीड़ उमड़ी। परचून के सामान की दुकानों पर भी खूब व्यापार हुआ। हालांकि, व्यापारियों ने बताया कि गत वर्षों के मुकाबले इस बार की दीपावली में व्यापार काफी प्रभावित रहा। यह कमजोरी लगभग सभी व्यापारिक क्षेत्रों में देखी गई। लोगों का धंधा 30 से 40% ही रहा।



