ग्रामीणों ने जताई चिंता
Deoli News 24 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली गाँव का ऐतिहासिक धोलाई सागर तालाब लगातार बारिश के कारण ओवरफ्लो हो गया है, जिससे इसका अतिरिक्त पानी किसानों के खेतों में जमा हो रहा है। दिग्विजय सिंह शक्तावत ने बताया कि तालाब से अतिरिक्त पानी को पाइपों के माध्यम से निकाला जा रहा है।
जो पुराने महात्मा गांधी स्कूल और गढ़ के सामने से होते हुए तालाब के निचले हिस्सों में पहुँच रहा है। इसके चलते दर्जनों किसानों के खेत जलमग्न हो गए हैं और उनकी फसलें खराब होने की कगार पर हैं। शक्तावत ने बताया कि शनिवार से यह स्थिति बनी हुई है, और पुराने महात्मा गांधी स्कूल के सामने पानी बह रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहले शहर का पानी धौलाई सागर में नहीं आता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से शहर का पानी भी इसी तालाब में जाने लगा है, जिसके कारण तालाब का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और ओवरफ्लो की समस्या पैदा हो रही है। किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने की अपील की है।
इसी तरह पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते नेकचाल रोड पर कीचड़, गड्ढे, पत्थरों से लोग तंग आ चुके हैं। हालांकि यह समस्या बरसों पुरानी है। जिसका समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीण रोज इस रोड से आते जाते हैं। जिन्हें यहां से गुजरने के लिए एक लंबा संघर्ष करना पड़ता है। बता दे कि देवली गांव, नगर पालिका देवली में शामिल हो चुका है।


