-
समरावता में दूसरे दिन भी उपद्रव हुए
-
उनियारा राजमार्ग पर जाम लगाने का प्रयास
-
व्रज वाहन में बैठाया आरोपी को
Deoli News. 14 नवम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को हुए उपचुनाव मतदान के दौरान एसडीएम को थप्पड़ जड़ने की घटना के बाद गुरुवार दूसरे दिन समरावता गांव में पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तारी के बाद उपद्रवियों ने उनियारा- हिंडोली राजमार्ग पर आगजनी की। लेकिन पुलिस ने कड़ाई से हालात पर काबू पाया।
बुधवारदेर रात को मतदान खत्म होने के बाद पुलिस ने जब नरेश मीणा को हिरासत में लेने का प्रयास किया तो पुलिस को भारी संघर्ष का न केवल सामना करना पड़ा, बल्कि इस मशक्कत में पुलिस की गाड़ियों, निजी चौपहिया वाहनों, दुपहिया वाहनों को फूंक दिया था। बवाल ऐसा मचा कि पुलिस के लाठीचार्ज दौरान जबरदस्त पथराव हुआ और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। ये बवाल रात 2 बजे तक चलता रहा। खबर ये भी आई कि पुलिस ने एक बार तो नरेश मीणा को हिरासत में भी ले लिया। लेकिन उपद्रवियों ने हमलाकर नरेश मीणा को छुड़ा लिया। रात को भारी ऑंसूगेस के गोले दागने व हवाई फायर करने के बाद भी स्थिति नियंत्रण में नही आई और अंततः पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा। हालात को देखते हुए अजमेर रेंज के कार्यवाहक आईजी ओमप्रकाश भी देर रात उनियारा पहुँचे।
रात होने व बवाल में जनहानि को रोकने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन को अपना ऑपरेशन टालना पड़ा और सुबह होने तक इंतजार किया। आसपास के 5 जिलों से आए भारी पुलिस बल ने समरावता गांव के चप्पे-चप्पे को घेरे रखा। उन सभी रास्तो को पूरी तरह सील कर दिया, जहाँ से आरोपी के भाग निकलने की कोई गुंजाइश हो। सवेरे इस बात की पुष्टि भी हो गई कि नरेश मीणा समरावता में मौजूद है। इस दौरान करीब 3 सौ से अधिक समर्थक भी गांव में मौजूद थे। बाद में नरेश मीणा ने पुलिस प्रशासन को गिरफ्तार करने की चुनौती भी दी। मीणा ने पुलिस प्रशासन के समक्ष समर्पण करने से इंकार कर दिया। बाद में पुलिस, एसटीएफ, व्रजवाहन के साथ गांव में प्रवेश कर बड़ी मशक्कत के बाद नरेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बड़ी मात्रा में उपद्रवियों ने नरेश मीणा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की गाड़ियों पर पथराव भी किया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में समरावता के गांव के इर्दगिर्द गांवों में छिपे उपद्रवियों ने पुलिस बल पर भारी पथराव किया। वहीं उनियारा – हिंडोली राजमार्ग पर जगह-जगह कांटे, विद्युत पोल, ट्रैक्टर के हल डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। वहीं टायर, कांटे जलाकर रास्ता जाम करने का प्रयास भी किया। इस दौरान पुलिस बल को ऑंसू गैस के गोले दागकर उपद्रवियों को खदेड़ना पड़ा। समरावता गांव में बड़ी मात्रा में हुई आगजनी की घटनाओं को देखते हुए मोके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। नरेश मीणा को पुलिस प्रशासन भारी सुरक्षा इंतजामों के बीच किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। जिसकी जानकारी का पता नही लगा है। बहरहाल नरेश मीना की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है और प्रशासन हालात पर पूरी नजर बनाए हुए है।



