Deoli News 9 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांवड़ी में हुए विद्युत हादसे में घायल धनराज बैरवा के परिजनों से सोमवार को विद्युत निगम देवली के अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता डीके जैन, कनिष्ठ अभियंता रवि जांगिड़ और स्मृति रानी ने दुर्गापुरा ढाणी पहुंचकर मुलाकात की।
इस दौरान अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और निजी स्तर पर सहयोग राशि के रूप में 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता परिवार को सौंपी। इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए निगम द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी एवं टोंक के अधिशाषी अभियंता आरडी मीना ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद निगम स्तर से देय नियमानुसार सहायता राशि भी जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। हादसे में लापरवाही के दृष्टिगत सख्त कार्रवाई करते हुए अधीक्षक अभियंता जयपुर डिस्कॉम टोंक द्वारा मौके पर कार्यरत लाईनमैन जयशेखर को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विद्युत निगम अभियंताओं की सहायता और कार्रवाई से उनकी मानवीय संवेदना सामने आई है। उल्लेखनीय है कि हादसे में धनराज बैरवा के दोनों हाथ कट गए हैं। अभियंताओं की तरह ग्रामीण भी धनराज के लिए लगातार ऑनलाइन महिम के जरिए आर्थिक सहायता एकत्र कर रहे हैं।
संबंधित खबर
मदद की उठी मांग : कांग्रेस प्रदेश सचिव व भगत सिंह सेना अध्यक्ष ने की मुलाकात


