Deoli News 8 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव में गत 2 जून को कथित निगम कर्मचारियों की लापरवाही से करंट लगने से गांवड़ी पंचायत के दुर्गापुरा ढाणी निवासी धनराज बैरवा गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे में उनके दोनों हाथ काटने पड़े और फिलहाल वे एसएमएस अस्पताल, जयपुर में भर्ती हैं। प्रदेश कांग्रेस सचिव माया सुवालका ने सोमवार को अस्पताल पहुँचकर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार के बारे में चर्चा की। सुवालका ने राज्य सरकार से पीड़ित को 51 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निगम की गंभीर चूक के चलते यह हादसा हुआ है, लिहाजा सरकार को पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय और राहत देनी चाहिए। वर्तमान में धनराज का इलाज जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं। इसी तरह सोमवार को भगत सिंह सेना के सुप्रीमो नरेश मीणा अपने समर्थकों के साथ पीड़ित धनराज बैरवा के घर पहुँचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली।


इस हादसे को गलत बताया। नरेश मीणा ने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 11 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि भेंट की। उन्होंने पीड़ित के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर आक्रोश है और लोग पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। लोग ऑनलाइन मुहिम के जरिए भी धनराज के लिए आर्थिक राशि एकत्र कर रहे हैं।



