“मामला दर्ज”
Deoli News 17 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नासिरदा थाने में एक व्यक्ति ने मामला दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया है कि प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए उसके 65 हजार रुपए हड़प लिए गए।
प्रार्थी राकेश पुत्र सीताराम धाकड निवासी नासिरदा ने रिपोर्ट में बताया कि गत 26 फरवरी को केकड़ी निवासी कुलदीप पुत्र सुरेश छीपा निवासी शिव कॉलोनी केकड़ी आया। जिसने प्रार्थी कहा कि उसके प्लाट संख्या 73ए आराजी खसरा संख्या 5416/1602 में लक्ष्मीनाथ विहार नासिरदा में स्थित है तथा उक्त प्लाट प्रार्थी के कब्जे स्वामित्व व आधिपत्य में चला आ रहा है। वहीं इस प्लाट को विक्रय करना है। इस पर प्रार्थी को झांसे में लेकर उक्त प्लाट संख्या 73 ए को 2 लाख 65 हजार रुपए में बेचना तय कर 65 हजार रुपए प्राप्त कर स्टाम्प लिखकर दे दिया तथा बकाया रकम प्राप्त कर प्रार्थी के पक्ष में विक्रयपत्र पंजीबद्ध कराने का वादा किया।
प्रार्थी द्वारा उक्त प्लॉट के कुलदीप से दस्तावेज मांगने तथा रजिस्ट्री करवाने की बात पर वह लगातार टरकाता रहा। वहीं शक होने पर उक्त प्लाट संख्या के बारे में पता चला कि उक्त कॉलोनी में 73ए प्लाट है ही नहीं, केवल मात्र 73 नम्बर का प्लाट है। जिसका मालिक आशीष पांचाल पुत्र निर्मल कुमार पांचाल निवासी केकडी है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि कुलदीप नामा ने प्लाट के फर्जी एवं कूटरचित तरीके से दस्तावेज बनाकर प्रार्थी साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच एएसआई सत्यनारायण को सौंप दी है।



