Jahazpur News 23 जनवरी (मोहम्मद आजाद नेब) फर्जी आधार कार्ड बनाकर बेशकीमती जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी बनाने के मामले मे जहाजपुर पुलिस ने तीन महीने बाद महिला सहित चार जनों को गिरफ्तार किया है। जबकि थाने में 6 जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
एसआई भंवर सिंह ने बताया कि फर्जी आधार कार्ड बनाकर कीमती जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी बनाने के मामले में पवन सिंह निवासी घाट लेखरी बानसूर, संजय सिंह चौहान घाट लेखरी बानसूर बहरोड़, सतवीर सिंह राजपूत निवासी कूतीना कोटपूतली, संतोष देवी पति ग्यारसी लाल शर्मा निवासी ग्वाला नीमकाथाना हाल मुकाम लक्ष्मी नगर कोटपूतली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जिन्हें न्यायालय ने जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि पीड़िता राजराजेश्वरी ने गत वर्ष 22 अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि महिला की पुश्तैनी जायदाद घांधोला पटवार हल्का कुराड़िया तहसील जहाजपुर में प्रार्थीया के खातेदारी में दर्ज है। यह जमीन कीमती है, जो जहाजपुर से देवली सडक मार्ग पर स्थित है।
महिला की रिपोर्ट पर जहाजपुर थाने में जानबूझकर दस्तावेज़ों की नकली कॉपी बनाने, जालसाजी कर संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने, दस्तावेज़ या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को बेईमानी से या कपटपूर्वक असली के रूप में इस्तेमाल करने, संपत्ति के साथ विश्वास घात करने, मूल्यवान प्रतिभूति को बनाने, बदलने, या नष्ट करने, गैरकानूनी काम को करने के लिए आपस में समझौता करने का मामला दर्ज किया गया था।



