Deoli News 26 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में 8 महीने से फरार चल रहे आरोपी महेश कुमार रावल पुत्र माहुराज रावल जाति ढोली निवासी मुसलमान का मोहल्ला हिंडोली को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम बेनीवाल और पुलिस उप अधीक्षक रामसिंह के निर्देशन में की गई है। आरोपी महेश कुमार रावल पर देवली और हिण्डोली में कई मोटरसाइकिल चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था, जिसमें थाना प्रभारी देवली दौलतराम पुलिस, सुरेश कुमार हैड कांस्टेबल, अब्दुल वहाब, मोहम्मद इस्माईल कांस्टेबल, बलराम शामिल थे। इस टीम ने तकनीकी साधनों और सीसीटीवी फुटेज का उपयोग करके आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी महेश कुमार रावल का आपराधिक रिकॉर्ड भी खराब है और उस पर कई अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे जांच की जा रही है। बाइक चोरी के मामले में गत वर्ष 18 जुलाई को देवीखेड़ा राजमहल निवासी गोपाल गुर्जर ने दोपहर 2 बजे बालिका आदर्श विद्या मंदिर पटेल नगर के बाहर से बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दी थी। इसी तरह 29 जुलाई को साकेत कॉलोनी देवली निवासी प्रेम कुमार शर्मा ने अपने घर के बाहर से बाइक चोरी होने का मामला दर्ज कराया था।
जबकि उक्त मामले में पुलिस ने रोहित उर्फ बिट्टू पुत्र किशन लाल दरोगा निवासी कीरो की घाटी थाना हिंडोली को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया है। उधर, दूनी थाना प्रभारी हेमंत जनागल ने बताया कि पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के मामले में एक ट्रैक्टर ट्राली जब्त की है। जबकि चालक पुलिस को देखकर फरार हो गया।


