Deoli News 20 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग राजस्थान सरकार की ओर से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देवली में ब्लॉक स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित होगा।
योग दिवस के नोडल अधिकारी डॉ. पीएल जांगिड़ ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय योग दिवस का कार्यक्रम शहर के अटल उद्यान (दशहरा मैदान) परिसर में सुबह 6:30 शुरू होगा। इसमें शहरवासी हिस्सा लेकर योग का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय योग कार्यक्रम में प्रशिक्षक नवल किशोर पारीक, जितेंद्र सिंह, पल्लवी सिंह, ज्योत्सना सिंह, अफसाना बानो उपस्थित लोगों को योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार व व्यायाम आदि का अभ्यास कराएंगे तथा स्वस्थ रहने के गुर बताएंगे। इससे पहले शहर के दशहरा मैदान में प्रतिदिन योग अभ्यास किया जा रहा है। गुरुवार को आयोजित हुए एक घंटे के योगाभ्यास में 40 लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। शुक्रवार को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन भाग लेंगे।
इसी तरह ग्राम पंचायत मुख्यालय पर भी योग कार्यक्रम होगा। जांगिड़ ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग परंपरा के माध्यम से स्वस्थ व सुखी जीवन जीने की कला सिखाना है। साथ ही घर-घर में योग की अलख जगाना है।


