-
चाय पीने के बहाने बुलाया था भीतर
-
दूनी मोर्चरी में रखा शव
Deoli News 10 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) घाड़ थाना क्षेत्र के बेलहड़ी गांव में जमीनी विवाद ने एक परिवार में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। शुक्रवार को एक ही परिवार के चार-पांच लोगों ने मिलकर एक युवक पर कुल्हाड़ी और लाठियों से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मृतक के भाई मनराज गुर्जर ने बताया कि शुक्रवार को गांव में गंगा प्रसादी थी। सुरेश (30) पुत्र किशन लाल गुर्जर और बड़ा भाई मनराज दोनों साथ भोजन पर जा रहे थे। रास्ते में उनके काका का मकान है, जहाँ पहले से ही काका रामेश्वर, बाबूलाल, छोटू, महाराज, सोनू और उनकी पत्नी लक्ष्मी मौजूद थे। इन्होंने दोनों भाइयों को चाय पीने के बहाने घर के अंदर बुलाया। आरोप लगाया कि जैसे ही सुरेश खाट पर बैठे, घात लगाकर बैठे इन लोगों ने सुरेश गुर्जर पर कुल्हाड़ी और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले से लहूलुहान सुरेश धड़ाम से जमीन पर गिर पड़े। गांव में कोहराम मच गया। साधन नहीं मिल पाने के चलते भाई को बाइक पर घर तक ले गया, जिसके बाद किराए की टैक्सी से उन्हें दूनी अस्पताल पहुँचाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेश के परिवार और उनके काका के परिवार के बीच खेत की मेड़बन्दी को लेकर आठ-दस दिन पहले विवाद हुआ था।
जिसे मिल बैठकर सुलझा लिया गया था। तीन दिन पहले भी मृतक की काकी ने सुरेश और उनके भाई के खिलाफ घाड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जहाँ पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया था। मृतक का परिवार इस समझौते से निश्चित हो गया था। इसी बीच, शुक्रवार शाम को धोखे से बुलाकर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर सुरेश की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक सुरेश का शव दूनी मोर्चरी में रख दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।



