Desk News 9 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के हर व्यक्ति को शुद्ध एवं पर्याप्त पानी देने के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर कार्य योजनाएं बनाई जा रही है।
इसी के तहत शनिवार को चौधरी ने टोंक जिले के उपखंड मालपुरा में 310.41 करोड़ की राशि से बनने वाले सूरजपुरा से सांभर मुख्य ट्रांसमिशन प्रथम पेयजल परियोजना का शिलान्यास किया। उपखंड मालपुरा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी के पंप हाउस परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जलदाय मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के बनने से 539 गांवों के 1.68 लाख घरों को पीने का पानी पर्याप्त मात्रा में मिल सकेगा। इस सिस्टम को भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन को पूरा करने का समय मार्च 2024 था। लेकिन राजस्थान इस योजना में देश में अंतिम पायदान पर है। योजना को पूरा करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने एक वर्ष की सैद्धांतिक सहमति दी है। गत दो माह में इस योजना के कार्यों को गति मिली है।
राज्य सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति से काम कर रही है। जलदाय मंत्री ने कहा कि गत 10 वर्षों में भारत के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक महाशक्ति बना है तथा वर्ष 2028 तक विश्व की तीसरी महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है।


