पिछले दिनों से था क्षतिग्रस्त, आंगनबाड़ी केंद्र भी है संचालित
Deoli News 29 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के विवेकानंद कॉलोनी गांधी पार्क के पास स्थित मतदान केंद्र का मुख्य द्वार अब टूट चुका है। हालांकि यह पिछले कई दिनों से क्षतिग्रस्त चल रहा था।लेकिन इसके मरम्मत की किसी ने सुध नहीं ली।
नतीजन गुरुवार को यह गिर गया। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यह मतदान केंद्र पुराने राजकीय बालिका प्राथमिक विद्यालय का परिसर है। पिछले दिनों भारत विकास परिषद का दिव्यांग सहायता शिविर यहां जैन धर्मशाला में आयोजित हुआ। वही वाहनों की पार्किंग के लिए उक्त स्कूल परिसर को काम में लिया गया। बताया गया कि इस दौरान किसी वाहन ने स्कूल के गेट के टक्कर मार दी। तब से यह गेट क्षतिग्रस्त था। वही बालिका स्कूल तो गत वर्षों में यहां से अन्यत्र शिफ्ट हो गई है। लेकिन आंगनबाड़ी केंद्र वर्षों से संचालित है। गुरुवार को एक महिला लाभार्थी पोषाहार लेने के लिए यहां आई तो यह गेट उस पर गिर गया। हालांकि महिला चोटिल होने से बच गई। गौरतलब है कि बालिका स्कूल में तीन पोलिंग बूथ है। जहां वर्षों से मतदान किया जा रहा है।
वहीं आगामी 26 अप्रैल को देश के आम चुनाव भी है। लेकिन मतदान केंद्र के मुख्य द्वार की दुर्दशा बिगड़ रही है। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र पर आने वाले लाभार्थियों व नन्हे बच्चों पर भी खतरा मंडरा रहा है।


