नाबालिग छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान
Deoli News 28 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के एजेंसी एरिया स्थित सरकारी क्वार्टर में एक नाबालिग छात्रा ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उक्त घटना के दौरान छात्रा घर पर अकेली थी।
पुलिस के अनुसार एजेंसी एरिया के गुर्जर मोहल्ला के पास स्थित सरकारी क्वार्टर में महिला कांस्टेबल सुनीता मीणा के साथ उसकी भतीजी अनुष्का पुत्री दुर्गालाल मीणा निवासी दलेलपुरा थाना नैनवा जिला बूंदी भी रहती थी। बताया गया कि वह कक्षा 10 में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ती थी। शाम करीब 5.30 पर थाने पर सूचना मिली कि उसने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है।
सूचना पर देवली पुलिस जाप्ता सरकारी क्वार्टर पहुंचा और मोबाइल यूनिट की सहायता से मौके के फिंगरप्रिंट ओर घटना स्थल के फोटोग्राफी करवाई गई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। इस दौरान घाड़ थाने में कार्यरत महिला कांस्टेबल सुनीता व उनके पति सरकारी काम से बाहर गए हुए थे। अनुष्का घर पर अकेली ही थी। पड़ोसियों ने बताया कि करीब 5 बजे अनुष्का घर के दरवाजे के बाहर खड़ी थी, फिर वापस क्वार्टर के अंदर चली गई। जब करीब 5.30 पर पानी आया तो पानी भरने के लिए आवाज लगाईं तो वो बाहर नहीं आई। लोगों को शंका होने पर जब अंदर जाकर देखा तो अनुष्का चुन्नी का फंदा लगाकर पंखे से झूलती हुई दिखी। लोगों ने तुरंत इस मामले की सूचना देवली थाने पर दी। शव मोर्चरी में रखा गया है। जिसका शनिवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।



