Deoli News 13 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पुलिस सर्कल देवली की दूनी थाना पुलिस ने दो माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने गत मार्च माह में एक महिला के सोने के मांदलिए लूट लिए थे।
थाना प्रभारी सरवर खा के अनुसार पुलिस ने मामले में रिजवान पुत्र नसरुद्दीन फकीर मुसलमान निवासी आंवा थाना दूनी व गणेश पुत्र राजाराम कंजर निवासी कंजर बस्ती दूनी को तलाश कर अपराध प्रमाणित किया जाने पर गिरफ्तार किया है। वही वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। दरअसल गत 22 मार्च को दूनी थाने के निवारिया निवासी धापू देवी पत्नी सोहनलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह इस दिन शाम 6 बजे अपने खेत से घर जा रही थी। इस बीच बाइक सवार दो अनजान व्यक्ति आए, जिन्होंने महिला के तीन सोने के मांदलिए लूट लिए तथा फरार हो गई। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने पीछा किया।
लेकिन बाइक सवार चांदली रोड की ओर भाग गए। आरोपियों को गिरफ्तार करने में सहायक उपनिरीक्षक उदयलाल, पुलिसकर्मी रामप्रकाश, भागचंद, विजय सिंह ने मेहनत की है।


