एक लाख रुपए है चेन की कीमत
Deoli News 11 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के वार्ड नं 17 विवेकानंद निवासी एक महिला की खोई हुई सोने की चेन वहां की महिला सफाई कर्मचारी ने वापस लौटाकर नेकी दिखाई है।दरअसल यह सोने की चेन कॉलोनी निवासी राजकुमारी जैन पत्नी नरेंद्र बड़जात्या की है।
बड़जात्या ने बताया कि उनकी पत्नी राजकुमारी जैन गत 9 मार्च को घर से निकलकर शांतिनाथ मंदिर दर्शन करने जा रही थी। इस बीच उनकी करीब 14 ग्राम वजनी सोने की चेन कहीं गिर गई। उन्होंने एवं परिजनों ने चेन की काफी तलाश की। लेकिन यह हाथ नहीं लगी। इसके बाद नरेंद्र ने कॉलोनी में सफाई के लिए आने वाली महिला सफाई कर्मचारी लक्ष्मीबाई पत्नी राजेश तेजी को चेन खोने की बात बताई और सफाई के दौरान ध्यान रखना को कहा।
इस पूर्व सूचना के चलते सफाई कर्मचारी लक्ष्मीबाई को यह सोने की चेन मंगलवार सुबह सफाई करते वक्त मंदिर वाली गली में मिल गई। जिसे लेकर वह तत्काल महिला राजकुमारी के पास पहुंची और उन्हें चैन लौटाई। चेन की कीमत एक लाख रुपए बताई गई है। परिवार के लोगों ने महिला सफाई कर्मचारी का धन्यवाद व्यक्त किया।


