जमकर बरसे बादल
Deoli News 10 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में शनिवार को बादलों ने एक बार फिर जमकर मेहरबानी की और करीब 2 घंटे से अधिक समय तक जमकर बरसे। इससे शहर की कई कॉलोनियों में पानी का भराव हो गया।

वही दिनभर बारिश रहने से बाजार में धंधा भी प्रभावित हुआ है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले दोपहर 12 के आसपास भी एक रफ्तार से जमकर बारिश हुई। वहीं इसके बाद हल्की बारिश शुरू हुई। दोपहर एक से तीन बजे तक शहर पर मेघ जमकर बरसे। मूसलाधार बारिश से सब तरफ पानी पानी हो गया। पूर्व की तरह देवली के चर्च रोड पर नहर की भांति पानी बहता रहा। उधर, तेली मोहल्ला, घोसी मोहल्ला, जहाजपुर चुंगी नाका, ममता सर्कल, बंगाली कॉलोनी समेत निचले क्षेत्र में पानी का भराव हो गया। कुछ घरों व दुकानों में भी पानी चला गया।
जहाजपुर चुंगी नाका एवं घोसी मोहल्ले की गलियों में घुटने तक पानी जमा हो गया। नीची नींव वाले मकान में पानी चला गया। जिससे लोगों को परेशानी हुई। इसी प्रकार तहसील परिसर, पुलिस थाना कैंपस में भी पानी भर गया। उल्लेखनीय है कि शहर में हुई बारिश की वजह से ही डेम का जलस्तर आरएल 312 के आंकड़े क छूआ हुआ है। तहसील स्थित नियंत्रण कक्ष की सूचना के अनुसार सुबह 6 से लेकर दोपहर 2 बजे तक 48 एमएम बारिश हुई। इस अनुसार 1.89 इंच बारिश दर्ज हुई। जबकि इसके बाद हुई बारिश को देखा जाए तो करीब दो इंच के आसपास वर्षा हुई है।



