किसानों के चेहरे खिले, मौसम हुआ सुहाना
Deoli News 28 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को देवली में इंद्रदेव मेहरबान हुए और दोपहर बाद झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। अपराह्न करीब 3 बजे मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं।
शाम करीब 4 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो 5 बजे के बाद तेज बारिश में बदल गई। इस दौरान कुछ समय के लिए मूसलाधार वर्षा भी हुई। तेज बारिश से शहर की सड़कें धुल गईं और कई मार्गों पर पानी बहने लगा। बारिश के बाद मौसम पूरी तरह सुहाना और ठंडा हो गया। लगातार पड़ रही उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। पर्याप्त वर्षा होने से घरों में पंखों की रफ्तार भी कम करनी पड़ी। शाम करीब 7 बजे शहर का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला। पिछले काफी समय से पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान फसलों को लेकर चिंतित थे, लेकिन मंगलवार की बारिश ने उनकी उम्मीदों को नई ऊर्जा दी और उनके चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
जहाजपुर, हनुमान नगर, टोंक, मालपुरा और दूनी क्षेत्र में भी इंद्रदेव की मेहरबानी देखने को मिली, जिससे खरीफ फसलों के लिए अनुकूल माहौल बनने की उम्मीद बढ़ गई।


