-
मुख्य बाजार और सड़कों पर भरा पानी
-
किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
Jahazpur News 28 जुलाई (मोहम्मद आज़ाद नेब) मंगलवार को जहाजपुर क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। दोपहर बाद शुरू हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं शहर की कई मुख्य सड़कों और चौराहों पर पानी भर गया।
बारिश के दौरान बाजार में मौजूद दुकानदारों और ठेला संचालकों ने छतरियों व तिरपाल का सहारा लेकर अपना काम जारी रखा। बारिश से वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी और कुछ समय के लिए यातायात की रफ्तार धीमी हो गई। बस स्टैंड और मुख्य बाजार क्षेत्र में जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के किसानों ने बारिश का स्वागत किया। उनका कहना है कि यह वर्षा खरीफ फसलों, विशेषकर सोयाबीन, मक्का और उड़द की फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार को गति मिलेगी। मौसम सुहावना होने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की और कई स्थानों पर बच्चों व युवाओं ने बारिश का आनंद भी लिया।
हालांकि, कुछ हिस्सों में जल निकासी की व्यवस्था कमजोर होने से पानी भरने की समस्या एक बार फिर सामने आई, जिससे नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे। देवली और हनुमान नगर क्षेत्र में भी तेज बारिश का दौर जारी है।


