सर्दी, खांसी, जुकाम के रोगियों में इजाफा
Deoli News 5 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पिछले एक माह से मौसम में आ रहे लगातार परिवर्तन से मौसमी बीमारियां बढ़ती जा रही है। वायरल बुखार तथा कफ, कोल्ड ने लोगों को परेशान कर दिया है। खासकर खांसी लोगों का पीछा ही नहीं छोड़ रही है।
दरअसल तीन मौसम के दंगल ने यह परेशानी अधिक की है। हालांकि जनवरी माह के समाप्ति के बाद शहर मौसम में परिवर्तन शुरू गया था। इधर, फरवरी माह के अंत में बेमौसम हुई बारिश ने सर्दी व गर्मी के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी। हालत यह हुए की ऐसी स्थिति में सुबह-शाम सर्दी, दिन में तापमान बढ़ोतरी होने से गर्मी तथा बेमौसम बारिश होने से तीन मौसम का माहौल बना। नतीजा लोग सर्दी, खांसी, जुकाम, गले की खराश, इन्फेक्शन, एलर्जी, ब्रोंकाइटिस, अस्थमा जैसी परेशानियों से जूझ गए। पिछले दिनों तो वायरल बुखार का इस कदर विस्तार हुआ कि हर घर में बुखार व जुकाम के रोगी हो गए। यही हालत एक बार फिर मार्च माह में बनने लगी है। राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सकों का कहना है कि उनके पास ऐसे कई रोगी आए हैं। जिन्हें 3 सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रही है। यहां तक की कई लोगों को एक माह तक भी खांसी पीछा नहीं छोड़ रही है। ऐसे में लोगों को खान-पान व विहार में ध्यान देना होगा। ऐसे मौसम में पंखे व ठंडी हवा से बचना ही अहम उपाय साबित होगा। इसके अलावा नमक के गरारे करना तथा घरों में बनने वाला काढ़ा भी उपयोगी साबित होगा।



