Thursday, October 29, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskमौसम ने भी ली, सुहागिनों के संयम की परीक्षा: रात 8:56 बजे...

मौसम ने भी ली, सुहागिनों के संयम की परीक्षा: रात 8:56 बजे हुए चंद्र दर्शन

दिनभर उपवास रखकर महिलाओं ने की पति की लंबी आयु की कामना


Deoli News 29 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सुहागिन महिलाओं के प्रमुख पर्व करवा चौथ पर गुरुवार को शहर में आस्था, श्रद्धा और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ दिनभर निर्जला उपवास रखा। इस दौरान मौसम ने भी महिलाओं के संयम की परीक्षा ली।

सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने के कारण मौसम में ठंडक बनी रही। वहीं सुबह करीब 11 बजे कुछ मिनट तक हुई बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर बादलों की आवाजाही के चलते महिलाओं को चंद्र दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। देवली में रात करीब 8 बजकर 56 मिनट पर चंद्र दर्शन हुए, जिसके बाद महिलाओं ने विधि-विधान से व्रत का पारण किया। करवा चौथ को लेकर महिलाओं में सुबह से ही खास उत्साह देखने को मिला। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-संवरकर दिनभर व्रत की तैयारियों में जुटी रहीं। हाथों में मेहंदी, पारंपरिक आभूषण और आकर्षक श्रृंगार के साथ महिलाओं ने पर्व की रस्में निभाईं।

दिनभर उपवास रखने के बाद महिलाओं को चंद्रमा के उदय होने का इंतजार रहा। हालांकि आसमान में बादल छाए रहने से चंद्र दर्शन में कुछ देरी हुई, लेकिन महिलाओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। नवविवाहित महिलाओं में उत्साह था।

चन्द्र दर्शन के बाद खोला उपवास

चंद्र दर्शन होने के बाद महिलाओं ने चंद्रदेव को अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद चंद्रमा की परिक्रमा कर अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार व्रत की रस्में पूरी कीं और पति के हाथों जल ग्रहण कर उपवास खोला। साथ ही अपनी सास व बड़ी महिलाओं को सुहाग की सामग्री भेंट कर आशीर्वाद लिया।

चौथ माता मंदिर में उमड़ी महिलाओं की भीड़

करवा चौथ पर देवली पुलिस थाना परिसर में स्थित चौथ माता मंदिर में श्रद्धालु महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिनभर में हजारों महिलाओं ने चौथ माता के दर्शन कर परिवार की खुशहाली और पति की लंबी आयु की कामना की। मंदिर परिसर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से बैठकर चौथ माता की कथा सुनी और पारंपरिक पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। शहर की विभिन्न बस्तियों और मोहल्लों में भी महिलाओं ने समूहों में एकत्रित होकर करवा चौथ की कथा सुनी। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा की और परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा संपन्न की।

ग्रामीण अंचलों में भी करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गांवों में महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर कथा सुनी और चंद्र दर्शन के बाद पूजा-अर्चना कर व्रत खोला। इस तरह देवली शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में करवा चौथ का पर्व धार्मिक आस्था, पारिवारिक प्रेम और परंपराओं के साथ मनाया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here