Deoli News 24 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में शुक्रवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इस दौरान यातायात प्रभारी गिरिराज, हेडकांस्टेबल रामभंवर सिंह समेत यातायात पुलिसकर्मी स्कूल पहुंचे। उन्होंने सुबह 11 बजे विद्यार्थियों एवं स्टाफ को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक दुर्घटनाएं अनियंत्रित गति की वजह से होती है। लिहाजा वाहन चालक को सबसे पहले गति नियंत्रित रखनी चाहिए। इसके अलावा दुपहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट पहनना, तीन सवारी से बचना, लाइसेंस बनाने एवं ट्रैफिक रूल्स की पालना करने की बात कही। इसी प्रकार चौपाहियां वाहन चलाते वक्त सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने की बात कही। यातायात पुलिसकर्मियों ने बताया कि वाहन मालिक हमेशा अपने दस्तावेज तैयार रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी व दुर्घटना पर उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने बताया कि गत 22 एवं 23 जनवरी को जयपुर के आरपीए में आयोजित हुए सेमिनार में पुलिस के उच्च अधिकारियों ने इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में जागरूकता के माध्यम से 50 फ़ीसदी तक कमी लाने की बात कही है। इस दौरान यातायात शाखा के हेड कांस्टेबल इमरान, पुलिसकर्मी जयसिंह, ओम प्रकाश, होमगार्ड दुर्गालाल मौजूद थे। यातायात प्रभारी ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह एवं थाना प्रभारी दौलतराम के निर्देशन में प्रतिदिन लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसके अलावा इस महीने पावर ब्रेक बाइक्स एवं स्टंट दिखाने वाले चालकों पर भी नजर रखकर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेषकर थाना प्रभारी ने निर्देश दिए हैं।


