देवली चिकित्सालय में भर्ती
Deoli News 3 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कुचलवाड़ा रोड पर शनिवार रात कार सवार कुछ लोग एक युवक को बुरी तरह पीटकर पटक गए। जिस पर लोगों की नजर पड़ी तथा परिजनों को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार मारपीट का शिकार हुआ युवक संजय मीणा पुत्र मिश्रीलाल मीणा निवासी खजूरी जिला भीलवाड़ा है। परिजनों की जानकारी के अनुसार संजय जयपुर में प्राइवेट जॉब करता है। घायल युवक के छोटे भाई विक्रम ने बताया कि संजय शनिवार को बाइक लेकर सावर क्षेत्र के गोपालपुरा गांव में गया था। बताया गया कि वह किसी मामले के निपटारे को लेकर गोपालपुरा पहुंचा था।
जिसे वहां बुलाया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि बुलाने वाले लोगों ने संजय को बुरी तरह मारा पीटा। उसका एक हाथ और एक पैर तोड़ दिए। इसके अलावा सिर, कमर में भी गंभीर चोटे आई है। इसके बाद वे लोग संजय को यहां कुचलवाड़ा रोड पर चौधरी डेयरी के करीब पटक कर चले गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने संजय को देखकर उसके भाई विक्रम को सूचना दी।
सूचना पर हनुमान नगर थाना पुलिस पहुंची और घायल को देवली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हनुमान नगर थाना पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक का कहना है कि यह घटना गोपालपुरा की है। लिहाजा सावर पुलिस को सूचना दी गई है।


