विजेता देंगे जिला स्तर पर प्रस्तुति
Deoli News 10 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान युवा बोर्ड युवा मामले एवं खेल विभाग के तत्वावधान में राज्य की संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन हुआ।
यह आयोजन तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत, उद्योगपति नवल मंगल, बीजेपी देहात ब्लॉक अध्यक्ष सांवरिया बैरागी के मुख्य आतिथ्य व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा पाराशर की अध्यक्षता में हुआ। एसीबीईओ प्रधान लाल मीना के अनुसार यहां नवल मंगल ने कहा कि इस तरह के आयोजन से लुप्त होती कलाओं के लिए एक बेहतरीन मंच मिल पाता है। हमें संस्कृति की इन कलाओं में रुचि रखकर इन्हें बढ़ावा देना चाहिए। तहसीलदार ने कहा कि युवाओं के लिए युवा महोत्सव एक बेहतरीन मंच है और यह सरकार की बेहतरीन पहल का हिस्सा है।
सीमा पाराशर ने ज्यादा से ज्यादा युवाओं को ऐसे आयोजनों से जुड़कर अपनी कलाओं को निखारने पर बल दिया। कार्यक्रम को एसीबीईओ प्रथम रामराय मीणा ने भी संबोधित किया। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। स्काउट स्थानीय संघ सचिव द्वारका प्रसाद प्रजापत ने बताया कि कार्यक्रम में करीब 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिसमें विज्ञान मेला, एकल लोकगीत, सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, चित्रकारी, आर्ट एंड क्राफ्ट, कहानी लेखन, आशुभाषण, मांडना सहित कई लोक संस्कृति की प्रतियोगिता हुई। सहसचिव अनिल गौतम ने बताया कि प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रशस्ति पत्र सौपकर सम्मानित किया गया।
वहीं प्रथम पुरस्कार प्राप्त प्रतिभागियों को 250 रुपए नकद पुरस्कार भी दिया गया। ब्लॉक स्तर पर प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश माहेश्वरी, रमेश चंद मीणा, राजीव शर्मा, कृष्ण गोपाल माली, रामप्रसाद मीणा, राजेश कुमार खींची, अर्पणा शर्मा सहित रिंकू पंचोली, भँवर लाल वैष्णव, संतोष कुमार बारेठ, नीरज शर्मा, सुधीर चौधरी, खेमराज मीना, मुकेश प्रजापत, अरुण पारीक, अर्चना चौधरी थे। मंच संचालन गिरिराज जोशी व मनीषा जैन ने किया।



