समीप के बासनी में हुआ था पुलिस टीम पर हमला
Desk News 10 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यूपी सरकार की तर्ज पर बूंदी में प्रशासन ने अपराधियों के खिलाफ पहली बार सख्त करवाई हुए अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान कोटा पुलिस पर फायरिंग करने के आरोपी की अवैध संपत्ति पर सोमवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
दरअसल पिछले दिनों आरोपी रामराज मीणा और उसके परिजनों को पकड़ने पहुंची कोटा पुलिस पर फायरिंग करते हुए हमला कर दिया गया था। आरोपी ने वन विभाग, सिवायचक और चारागाह की भूमि पर कब्जा कर रखा था। कोटा धान मंडी मे कृषि जींस को खुर्द बुर्द करने और कोटा पुलिस पर फायरिंग के साथ हमला करने के आरोपी रामराज मीणा की अवैध संपत्ति को लेकर बूंदी पुलिस और प्रशासन ने सख्त कदम उठाया और बुलडोजर चला दिया। इस दौरान हिडोंली एसडीएम विनोद मीणा, तहसीलदार कमलेश कुमार, डीएसपी घनश्याम मीणा और सीआई पवन मीणा के साथ प्रशासन का पूरा लवाजमा मौजूद था।

वन विभाग की भूमि पर मकान बनाकर रहता था आरोपी
दरअसल हिडोंली के बासनी में आरोपी ने वन विभाग और सिवायचक भूमि पर कब्जा कर मकान बना रखा था। उसका परिवार लंबे समय से यहीं रह रहा था। पिछले दिनों कोटा पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तब आरोपी इसी मकान में छिपा था। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया। वहीं पुलिस पर फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम को लेकर एक बार तो पुलिस भी सकते में आ गई। बाद में पुलिस टीम ने आरोपी ओर अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।



