Deoli News 10 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजवाड में ग्राम पंचायत के सभी राजकीय विद्यालयो में कार्यरत एसएमसी एवं एसडीएमसी के सदस्यों का दो दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण हुआ।
पीईईओ प्रेमलाल मीना ने मां सरस्वती के दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम शुभारंभ किया। पीईईओ ने कहा कि विद्यालयों में ठहराव एवं नामांकन बढाने में सहयोग करे। प्रशिक्षक उप प्रधानाचार्य नीरज जैन ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, नि:शुल्क यूनिफॉर्म, साइकिल वितरण, पुस्तक वितरण, छात्रवृति, मध्यान भोजन व्यवस्था, मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के बारे में जानकारी दी। समापन सत्र में अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामराय मीणा ने बताया कि शाला विकास के लिए बनने वाली योजनाओं में एसएमसी एवं एसडीएमसी की मुख्य भागीदारी रहती हैं। कार्यशाला में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजवाड, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संग्रामपुरा मानपुरा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय अरनिया से प्रत्येक विद्यालय से सदस्यों ने भाग लिया। यह जानकारी विद्यालय मीडिया प्रभारी सुगनचन्द कुमावत ने दी।

इसी तरह दूनी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घाड़ में दो दिवसीय एसडीएमसी और एसएमसी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हुआ। प्रशिक्षण के मुख्य प्रवक्ता भंवर लाल मीणा अध्यापक ने एमसी एसडीएमसी के अध्यक्ष सचिव एवं सदस्यों को विद्यालय में सुधार के लिए कार्य योजना बनाकर विकास करवाना, बच्चों का नामांकन बढ़वाने, अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना, बच्चों पर ध्यान देने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। वहीं अपने विद्यालय को किस प्रकार अच्छा व बेहतर बनाया जाए। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में डाटून्दा, दौलतपुरा धुआं खुर्द, घाड़ बालिका विद्यालय के सदस्य उपस्थित थे।



