Deoli News 25 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) तहसील कार्यकारिणी की बैठक रविवार को शिशुपाल चौधरी की अध्यक्षता में देवली में आयोजित हुई।
बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति, गैर-शैक्षिक कार्यों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई। कोटा संभाग से 21 मई को शुरू हुआ शिक्षक वाहन जत्था 26 मई सुबह 9 बजे देवली पहुंचेगा। सरोली मोड़ पर दूनी नगरफोर्ट के शिक्षकों द्वारा जत्थे का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद जत्था छान बाईपास पहुंचेगा, जहां टोडारायसिंह और मालपुरा ब्लॉक के शिक्षकों द्वारा सभा होगी।
वहीं जत्था टोंक पहुंचकर रात्रि विश्राम करेगा। जबकि 27 मई को टोंक से शिक्षकों का पैदल मार्च जयपुर के लिए प्रारंभ होगा। इसके अलावा 2 जून को जयपुर में हजारों शिक्षक विशाल प्रदर्शन करेंगे, जिसमें लंबित मांगों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। तहसील मंत्री कैलाश शर्मा ने कहा, “राज्य सरकार की संवेदनहीनता को झकझोरने के लिए यह आंदोलन निर्णायक होगा। वहीं जल्द ही आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।



