Deoli News 25 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान सुवालका कलाल महासभा संस्थान की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं वरिष्ठ समाजजन सम्मान समारोह भीलवाड़ा के नेहरू विहार स्थित सुवालका भवन में हुआ।
प्रदेश प्रवक्ता कैलाश सुवालका हलेड ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल एवं शहर विधायक अशोक कोठारी ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया। समारोह की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्यामलाल फुकिया ने की। सांसद दामोदर अग्रवाल ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष कैलाश सुवालका सांगानेर को पद की शपथ दिलाई, जिसके बाद प्रदेशाध्यक्ष ने पूरी कार्यकारिणी को समाज सेवा के संकल्प के साथ शपथ दिलवाई। इस दौरान समाज के वरिष्ठ जनों का साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष ने आगामी देव उठनी ग्यारस पर समाज का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया।
समारोह में देवली सुवालका समाज अध्यक्ष डॉ. रतनलाल और राष्ट्रीय कलाल महासभा के सचिव सम्पत कुमार सुवालका देवली विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण सुवालका पायरा, श्याम लाल पारोली, बाबू लाल गंगरार, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, सम्पत लाल घेवरिया, नंदकिशोर बावलास, प्रवक्ता हीरालाल नीमका खेड़ा, सुरेश जवाहर नगर मौजूद थे।

शिव शंकर प्रदेश मंत्री मनोनीत हुए
राजस्थान सुवालका, कलाल, महासभा संस्थान भीलवाड़ा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश सुवालका ने देवली निवासी शिव शंकर सुवालका को संगठन के प्रदेश मंत्री के पद पर मनोनीत किया है।



