Deoli News 25 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार मीना, उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा व अधिशासी अधिकारी छगनलाल यादव समेत अधिकारियों ने बुधवार रात साढ़े 9 बजे बस स्टैंड परिसर स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया।
तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव बृजमोहन शर्मा ने बताया कि तीनों अधिकारियों ने यहां रैन बसेरे में मूलभूत सुविधाएं सर्दी से बचाव के लिए दरी, गद्दे, चादर, तकिया, कंबल रजाई की उपलब्धता तथा पेयजल व साफ सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग ठहरने की व्यवस्था, स्नान के लिए मौसम अनुकूल पानी, प्राथमिक चिकित्सा किट, रोगवाहक किट नियंत्रण, भोजन की व्यवस्था व बीमार व्यक्तियों को समुचित चिकित्सा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने यहां रजिस्टर का अवलोकन किया। वहीं कर्मचारियों को रैन बसेरे में रहने वाले लोगों का ख्याल रखने की बात कही गई।
इसके अलावा यहां रात्रि के वक्त ठहरने वाले लोगों के दस्तावेज देखे। साथ ही रैन बसेरे में साफ सफाई रखने तथा इसके बाहर लगी अस्थाई दुकानों को हटाने को कहा गया।


