Deoli News 7 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र की घाड़ थाना पुलिस व डीएसटी टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दो युवकों को दबोच कर उनके कब्जे से लाखों रुपए की कीमत की न केवल स्मेक बरामद की है, बल्कि नकदी राशि भी बरामद की है।
दरअसल घाड़ थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह, हीरालाल, रामेश्वर, डीएसटी टीम प्रभारी हरिमन, इकबाल समेत सदस्यों ने शुक्रवार को घाड़ क्षेत्र के धन्ना भगत गुरुद्वारा रोड पर बाइक सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। जिसमे एक युवक के कब्जे से 25 ग्राम व दूसरे के पास से 21 ग्राम समेत कुल 46 ग्राम स्मेक बरामद की। उक्त स्मेक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 9 लाख 20 हजार बताई गई है। पुलिस ने मामले में धुंआ कला निवासी मुकेश पुत्र चौथमल धोबी तथा वहीं के बंटी पुत्र बंशी गुर्जर को गिरफ्तार किया है।
घाड़ थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ बेचने की 12 हजार 200 रुपए की राशि तथा स्मेक पाउडर परिवहन में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच दूनी थाना प्रभारी को सौंपी है।


