दूनी पुलिस ने गुमशुदा बालक को साढ़े 3 घंटे में दस्तयाब किया
Deoli News 12 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी पुलिस ने एक गुमशुदा 11 वर्षीय बालक मयंक को मात्र 3.30 घंटे में दस्तयाब कर लिया। घटना के अनुसार बुधवार को रात 8 बजे पुलिस थाना दूनी पर बालक के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई थी।
थाना प्रभारी हेमन्त जनागल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत गुमशुदा बालक के परिजनों से संपर्क किया और तकनीकी व आसूचना के आधार पर बालक की तलाश शुरू की। बालक की तलाश कस्बा दूनी में बाजार, बस स्टैण्ड आदि स्थानों पर की गई। इसी दौरान पता चला कि बालक जयपुर कोटा लोक परिवहन बस में सरोली मोड, दूनी से कोटा जाने के लिए बैठा है। इस जानकारी के आधार पर विशेष टीम को बालक के परिजनों के साथ कोटा रवाना किया गया।
विशेष टीम ने रात 11:30 बजे बालक को बस स्टैण्ड नयापुरा कोटा से सकुशल दस्तयाब कर लिया। परिजनों से जानकारी करने पर पता चला कि मयंक निजी स्कूल प्रशासन द्वारा प्रस्तावित वाटर पार्क जाने से मना करने के कारण नाराज होकर घर से निकल गया था। पुलिस थाना दूनी की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के कारण बालक को सही सलामत परिजनों को सौंप दिया गया।



