Deoli News 18 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) तालुका विधिक सेवा समिति देवली द्वारा सचल विधिक सेवा केन्द्र मोबाईल वैन को शुक्रवार को हरी झण्डी दिखाकर विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार के लिए रवाना किया गया।
मोबाईल वैन का संचालन आमजन को विधिक जागरूकता उपलब्ध करवाने के लिए 18 से 22 जुलाई तक देवली सहित ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा। मोबाईल वैन के रवानगी के समय सचिव, तालुका विधिक सेवा समिति विजय गौड़ सहित अधिवक्ता मौजूद थे। मोबाईल वैन ने पहले दिन रिको एरिया देवली, ग्राम नेगडिया, कल्याणपुरा एवं स्थानीय देवली में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया।
ग्रामीणों को विभिन्न विधिक अधिकारों और योजनाओं के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम, महिलाओं एवं बच्चों के संरक्षण से संबंधित अधिकार, सम्पति के अधिकार, दहेज उत्पीड़न अधिनियम, बालश्रम, घरेलू हिंसा, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, मानसिक एवं शारीरिक रूप से कमजोर तबके के लोगों के लिए संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा सहिता व भारतीय साक्ष्य अधिनियम, पोस्को एक्ट, निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर स्कीम 2011 और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके अलावा स्थाई लोक अदालत, मासिक लोक अदालत और राष्ट्रीय लोक अदालत की भी जानकारी दी गई।


