Deoli News 31 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी थाना क्षेत्र के राजमहल गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह राजमहल गांव के लोधा मोहल्ले में एक विवाहिता की फांसी लगाने की सूचना पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर दूनी थाना प्रभारी सरवर खा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद सूचना पर देवली उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा, पुलिस उपअधीक्षक रामसिंह जाट और टोंक से एफएसएल टीम और एमआईयू टीम मौके पर पहुंची और घटना के साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों के अनुसार स्वामी का बास चाकसू निवासी ममता लोधा की शादी राजमहल गांव के नंद किशोर लोध के साथ सालभर पहले ही नाता प्रथा के तहत हुई थी. वहीं ममता चार महीने की गर्भवती भी थी। मौके पर पहुंची दूनी थाना पुलिस ने महिला के शव को दूनी के अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक विवाहिता के चाकसू से परिजनो के आने के बाद परिजनो की रिपोर्ट के आधार पर दूनी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से मृतका का पोस्टमार्टम करवाया गया है।
रामसिंह जाट के अनुसार शुक्रवार सुबह राजमहल गांव में लोधा मोहल्ला निवासी ममता पत्नी नंद किशोर लोधा के फांसी लगाने की सूचना मिली। जब मौके पर पहुंच कर देखा तो महिला के दोनों हाथों की नशें कटी हुई थी और महिला ने अपनी साड़ी से फंदा लगा रखा था। वहीं कमरे में भी खून बिखरा हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके टोंक से एफएसएल टीम आदि मौके पर आई और साक्ष्य जुटाए।
परिजनो ने दर्ज करवाया दहेज हत्या का मामला
राजमहल गांव निवासी विवाहिता ममता की मौत की सूचना पर चाकसू से महिला के परिजन दूनी अस्पताल पहुंचे और पुलिस से मामले की जानकारी ली । मृतक विवाहिता ममता के पिता किशन लाल ने दूनी पुलिस थाने दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है । इस पर दूनी थाना पुलिस ने मृतक ममता के पति नंद किशोर लोधा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दूनी थाना प्रभारी सरवर ख़ा ने बताया कि स्वामी का बास थाना चाकसू निवासी मृतका के पिता किशन लाल पुत्र रघुनाथ लोधा ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उसकी पुत्री ममता की शादी नाता प्रथा से राजमहल निवासी नंदकिशोर जाति लोधा पुत्र कैलाश लोधा के साथ नवम्बर 2023 में की गई थी, जो गर्भवती भी थी। आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद ही ममता के पति नंदकिशोर, ससुर कैलाश चंद व सास संतोष देवी दहेज की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नही करने पर उसे प्रताड़ित करते थे। जिन्होंने उसकी पुत्री की गुरूवार रात को मारपीट कर हत्या कर दी। वही घटना को छुपाने के लिए शव फंदे से झूला कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है। मृतका के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि जब वो घटनास्थल पर पहुंचे तो उसकी पुत्री का शव कमरे के बाहर टीनशैड के छप्पर में साड़ी के फंदे पर लटका हुआ था।
जिसके दोनों पैरों के घुटने जमीन पर टिके हुए थे। हाथों की नशें कटी हुई थी। शरीर पर चोंटो के निशान थे। वही में हाथों व कमरे में खून के थक्के जमे हुए थे। आरोप लगाया कि उसकी पुत्री की हत्या कर शव फंदे से लटकाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


