Thursday, April 23, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeBjpवीडियो न्यूज़ : 31 करोड रुपए की पेयजल योजना अब धरातल पर...

वीडियो न्यूज़ : 31 करोड रुपए की पेयजल योजना अब धरातल पर लागू होगी

  • हर घर को मिलेगा नल कनेक्शन

  • जहाजपुर विधायक ने साझा किए पेयजल योजना के अहम बिंदु

  • तीन जल संग्रहण टंकी का होगा निर्माण

लाइव कवरेज

@ आशीष बागड़ी

Deoli News 12 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य बजट में हनुमान नगर सहित क्षेत्र की पेयजल योजना को लेकर हुई घोषणा के बाद सोमवार शाम जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, आमजन एवं जलदाय विभाग के अभियंताओं के साथ बैठक की और योजनाओं की जानकारी लेकर लोगों को बताया। यह बैठक बीसलपुर कॉलोनी स्थित सर्किट हाउस में हुई।

विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि हनुमान नगर, कुचलवाड़ा ज्योति कॉलोनी समेत कई कॉलोनी के लोग बरसों से पेयजल के लिए तरस रहे थे। चंबल परियोजना के अभियंता कहते हैं कि यह क्षेत्र उनका नहीं है और बनास परियोजना वाले कहते हैं कि वह इसे नहीं जोड़ सकते। लिहाजा लोग अपनी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए तरस गए। उन्होंने कहा कि इस पीड़ा को उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से साझा किया और मुख्यमंत्री एवं जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने लोगों की समस्या को समझकर बजट में 31 करोड रुपए स्वीकृत किए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में कांग्रेस सरकार के नेताओं ने इस तरह की कई योजनाओं को रोका है। उनका मकसद था कि भाजपा के जो मतदाता है, उन्हें यह लाभ नहीं मिले।

दो फीडर एवं तीन टंकियां बनेगी

विधायक ने कहा कि मांग पर जलदाय मंत्री ने भविष्य के संभावित विवाद को देखते हुए दो फीडर बनाकर उसके अनुरूप जल वितरण व्यवस्था करने के निर्देश दिए है। इसमें देवली शहर की व्यवस्था अलग एवं हनुमान नगर व इसकी सभी कॉलोनी की पेयजल वितरण व्यवस्था अलग होगी। इसके लिए शमशान घाट देवली के पास पंप फीडर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल वितरण के लिए ज्योति कॉलोनी, प्रेम नगर एवं पंप हाउस फीडर पर तीन जल संग्रहण टंकी बनाई जाएगी। उनकी क्षमता तीन लाख, 2 लाख व ढाई लाख लीटर होगी। हनुमान नगर व देवली की बरसों पुरानी जलापूर्ति लाइने भी बदली जाएगी।

इन कॉलोनियों व आसपास को मिलेगा लाभ

इस योजना से श्री सांवरिया नगर, प्रेम नगर, राधे कृष्ण रेजिडेंसी, आदिनाथ नगर, श्याम नगर, इंदिरा कॉलोनी, बजरंग कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी, ज्योति कॉलोनी, कोटा रोड, शिव कॉलोनी व इसके आसपास की सभी बस्तियों व कॉलोनी को इस योजना से जोड़ा जाएगा। विधायक ने “दैनिक ब्यूरो” को बताया कि 31 करोड़ में से 26 करोड़ का डीपीआर बनाया जा चुका है। शेष 5 करोड रुपए अलग से स्वीकृत है, जो अन्य कार्यों में लगाए जा सकते हैं। 

विधायक ने बताया कि देवपुरा स्थित ओपन कुएं से यह वितरण व्यवस्था कनेक्ट की जाएगी, ताकि बनास नदी में पानी न हो तो भी लोगों को पेयजल मिल सकेगा।

लोगों ने दिए सुझाव

इस दौरान भाजपा नेता उमाशंकर खूंटेटा ने सुझाव दिया कि जैकवेल से यह व्यवस्था कनेक्ट करने से पूर्व यदि सही संबंध में स्टडी कर ली जाए तो बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि इन कुओं की स्थिति पहले जान लेना उचित रहेगा। नरपत सिंह ने ऊंचा, कुचलवाड़ा, मोरला, टीकड़ समेत क्षेत्र को नगर पालिका बनाने की बात रखी, ताकि सभी समस्याओं का समाधान हो सके। इस दौरान कुचलवाड़ा, हनुमान नगर, ज्योति कॉलोनी, श्याम नगर समेत क्षेत्र के लोग मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d